
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक : 13 दिसम्बर 2025
जनपद कुशीनगर में आज थाना समाधान दिवस के अवसर पर पुलिस प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के स्पष्ट एवं कड़े निर्देशों के क्रम में जनपद के समस्त थानों पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में थाना विशुनपुरा में आयोजित थाना समाधान दिवस पर प्रशासनिक गंभीरता साफ तौर पर दिखाई दी।
थाना विशुनपुरा परिसर में आयोजित जनसुनवाई में राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल की अनिवार्य उपस्थिति रही। फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और हर शिकायत को हल्के में न लेने का स्पष्ट संदेश अधिकारियों को दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, बल्कि शत-प्रतिशत निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
थाना प्रभारी आनंद कुमार गुप्ता ने समाधान दिवस के दौरान साफ शब्दों में चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की ढिलाई, लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना-पत्र का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। जिन मामलों का समाधान उच्चाधिकारी स्तर से किया जाना है, उन पर तत्काल रिपोर्ट लगाकर संबंधित अधिकारियों को भेजा जाए, ताकि फरियादी को बार-बार थाना या कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने दो टूक कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य सिर्फ भीड़ जुटाना नहीं, बल्कि जनता को न्याय दिलाना है। यदि किसी फरियादी की शिकायत लंबित पाई गई या निस्तारण में जानबूझकर देरी की गई, तो संबंधित कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
थाना समाधान दिवस के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब शिकायतों को दबाने या फाइलों में दफन करने का दौर समाप्त हो चुका है। जनता की आवाज अब सुनी जाएगी—और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई तय है।
