
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
दिनांक: 30 अक्टूबर 2025
कुशीनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार ने बुधवार की देर रात थाना कप्तानगंज क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बोदरवार पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे एसपी के निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने चौकी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, और रात्रि गश्त व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने चौकी प्रभारी व ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि रात्रि के समय में गश्त और सघन चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए ताकि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एसपी ने कहा कि महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने चौकी पर अभिलेखों, शस्त्रागार, मालखाना आदि का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
एसपी के इस औचक निरीक्षण से पुलिसकर्मियों में सतर्कता और जिम्मेदारी की भावना और प्रबल हुई है। स्थानीय लोगों ने भी रात में इस तरह की कार्रवाई को कानून-व्यवस्था मजबूत करने की सराहनीय पहल बताया।
रिपोर्ट: विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर







