
पुलिस अधीक्षक ने हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिससे वे अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक हो सकें
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने “मिशन शक्ति अभियान” के तहत छात्राओं के साथ संवाद कर महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी गई और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। साथ ही सुरक्षा प्रबंधन के संबंध में फीडबैक भी लिया गया ।
जनपद कुशीनगर में मिशन शक्ति अभियान के तहत उदित नारायण इंटरमीडिएट कॉलेज में छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री संतोष कुमार मिश्रा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, सरकारी योजनाओं, कानूनी अधिकारों, और विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) के महत्व और तकनीकों के बारे में बताया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उठाए गए प्रमुख कदम और निर्देश
पुलिस अधीक्षक द्वारा संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कालेजों में लगाये गये पुलिस प्रबन्ध के सम्बन्ध में फीडबैक प्राप्त किया गया। प्राप्त फीडबैक के आधार पर पुलिस अधीक्षक द्वारा स्कूल/कालेज के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु छात्राओं भरोसा दिलाया गया। इस सम्बन्ध में क्षेत्राधिकारी एवं प्रभारी निरीक्षक को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया।
स्कूल/कालेज परिसर के बाहर लगातार चेकिंग एवं गश्त तथा एण्टीरोमियों स्क्वाड टीम को सक्रिय करने हेतु बताया गया। साथ ही स्कूल लगने व छूटने के समय विशेष सुरक्षा व्यवस्था का प्रबन्धन करने के कड़े निर्देश दिये गये।
इस दौरान स्कूल/कालेज प्रबन्धकों से कालेज परिसर के बाहर आईपी बेस सीसीटीवी कैमरा लगाकर फीड के माध्यम उसका लगातार निगरानी करने को बताया गया।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा स्कूल/कालेजों के अन्दर कम्पलेन बाक्स रखवाया जा रहा है। जिसमें कोई भी छात्रा अपनी समस्या लिख कर डाल सकते है। जिसे सम्बन्धित थाना प्रभारी एवं हल्का प्रभारी द्वारा सभी शिकायतों का अवलोकन कर उचित कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगें।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों वूमेन पावर लाइन: 1090, महिला हेल्पलाइन: 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: 1076, पुलिस आपातकालीन सेवा: 112, चाइल्ड लाइन: 1098 के सम्बन्ध में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साथ सम्बन्धित क्षेत्र के बीट कास्टेबल/महिला कास्टेबल, हल्का/चौकी प्रभारी, थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक का सम्पर्क नम्बर वाल पेन्टिंग के माध्यम से कालेज/स्कूल के दीवालों पर लिखवाने हेतु निर्देशित किया गया।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा सम्बन्धित थाना प्रभारी/यातायात निरीक्षक को स्कूल-कॉलेज के बाहर सड़क पर बैरियर लगाने हेतु बताया गया जिससे कोई भी तेज रफ्तार से वाहन न चलाये।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा बताया गया कि जो भी कदम उठाये जा रहे है उसका नियमित रुप से गुगल मीट/वीडियो काल के माध्यम से स्कूल/कालेज के छात्राओं से संवाद करते रहेगें और सभी क्षेत्राधिकारीगण तकनीकि के प्रयोग से नियमित रुप से सुरक्षा का फीडबैक लेते रहेंगें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे न केवल अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहें, बल्कि अपने आसपास की अन्य महिलाओं और लड़कियों को भी जागरूक करें। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों व अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। मिशन शक्ति अभियान के तहत इस तरह के कार्यक्रम जनपद में निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं,ताकि महिलाएं और छात्राएं अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह जागरूक और सशक्त बन सकें।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन कुमार सिंह, प्र0नि0 कोतवाली पडरौना श्री हर्षवर्धन सिंह सिंह, प्र0नि0 महिला थाना श्रीमती सुमन सिंह, पीआरओ कुशीनगर श्री उपेन्द्र कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।





