
विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
दिनांक : 26 नवम्बर 2025
थाना तमकुहीराज पुलिस की बड़ी कार्रवाई— 13 वर्षीय बालक के कथित अपहरण की गुत्थी सुलझी, माँ और उसके प्रेमी गिरफ्तार
बच्चा सकुशल बरामद, हत्या की साजिश का सनसनीखेज खुलासा
कुशीनगर जनपद के थाना तमकुहीराज क्षेत्र में 13 वर्षीय बालक के गायब होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब बच्चे की मां ही अपने बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट लेकर थाने पहुँची। लेकिन दो दिनों की सघन छानबीन, पुलिस की सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों ने इस पूरे प्रकरण का चौंकाने वाला सच उजागर कर दिया।
दिनांक 24 नवम्बर 2025 को मीरा देवी पत्नी उमेश प्रसाद निवासी सरया खुर्द ने थाना तमकुहीराज में तहरीर देते हुए बताया कि उनका 13 वर्षीय पुत्र बिना बताए घर से कहीं चला गया है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 404/2025 धारा 137(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर बच्चे की तलाश में कई टीमों का गठन कर दिया।
लगातार दो दिनों तक की गई गहन पड़ताल, कॉल डिटेल्स, बयान एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने अपहृत बालक को सकुशल बरामद कर लिया। लेकिन जैसे ही बालक का बयान सामने आया, पूरे मामले की परतें खुलनी शुरू हो गईं। बच्चे ने जो जानकारी दी और जो साक्ष्य पुलिस ने एकत्र किए, उससे यह तथ्य सामने आया कि खुद बच्चे की माँ मीरा देवी ने अपने प्रेमी मुकेश चौहान के साथ मिलकर अपने ही पुत्र को गायब करवाया था। आशंका यह भी जताई जा रही है कि वह अपने बेटे की हत्या की योजना बना रही थी।
अपनी ही करतूत छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए मीरा देवी थाने पहुंचकर गुमशुदगी की कहानी सुनाती रही, लेकिन पुलिस की पैनी नजर और सतत निगरानी ने इस षड्यंत्र का भंडाफोड़ कर दिया। आज 26 नवम्बर 2025 को थाना तमकुहीराज पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्ता मीरा देवी तथा उसके प्रेमी मुकेश चौहान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के विरुद्ध धारा 137(2) में बढ़ोत्तरी कर 140(3), 127(1), 212, 61(2) बीएनएस के तहत कठोर कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
मीरा देवी पत्नी उमेश प्रसाद, निवासी सरया खुर्द
मुकेश चौहान पुत्र द्वारिका, निवासी हरिहरपुर वार्ड 02, तमकुहीराज
पकड़ने वाली टीम:
थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा, व0उ0नि0 दिनेश कुमार साहनी, उ0नि0 अवनीश कुमार सिंह (चौकी प्रभारी डिबनी बंजरवा), हे0का0 सूर्यकान्त सिंह, कां0 दिनेश कुमार तथा म0का0 स्वाती दूबे।
तमकुहीराज पुलिस की यह कार्यवाही न केवल त्वरित कार्रवाई का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि पुलिस किसी भी अपराध की परत दर परत सच्चाई उजागर करने में सक्षम है। जनपदवासियों ने इस तेजतर्रार कार्रवाई की सराहना की है।
