
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
कुशीनगर जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत तमकुहीराज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
दिनांक 22 दिसम्बर 2025 को थाना तमकुहीराज पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर हरिहरपुर पार्किंग, तमकुहीराज के पास घेराबंदी कर एक चार पहिया वाहन टाटा मैजिक (ग्रे रंग) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन तलाशी के दौरान वाहन से 15 कार्टून अवैध अंग्रेजी शराब (ऑफिसर च्वाइस) बरामद की गई। प्रत्येक कार्टून में 48 पीस (200 एमएल) कुल 144 लीटर अंग्रेजी शराब पाई गई, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन संख्या UP 57 AT 6942 के आधार पर फरार अभियुक्त की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें तेज कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
इस मामले में थाना तमकुहीराज पर मु0अ0सं0 433/2025, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक महेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल सर्वजीत यादव एवं कांस्टेबल नीतिश कुमार सिंह की अहम भूमिका रही, जिनकी मुस्तैदी से यह बड़ी खेप पकड़ी जा सकी।
तमकुहीराज पुलिस की इस कड़क कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन का सख्त रुख आने वाले दिनों में शराब माफियाओं के लिए भारी पड़ने वाला है।
