
01 दिसंबर, विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
सेवरही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग़ौरी जगदीश सिसवनिया गांव में रविवार दोपहर ज़मीनी विवाद ने ऐसा विकराल रूप ले लिया कि एक व्यक्ति की दुखद मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
गांव वालों का आरोप है कि लंबे समय से चली आ रही जमीन की रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस खूनी संघर्ष में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और सैकड़ों ग्रामीण सड़क पर उतर आए।
सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी तमकुही राज सहित प्रशासनिक टीम व थाना सेवरही पुलिस फोर्स भारी संख्या में मौके पर पहुंची। SDM ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और आश्वासन दिया कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने भी हालात नियंत्रण में रखने के लिए मोर्चा संभाल रखा है।
ग्रामीणों का कहना है कि विवाद की कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते आज यह भयावह स्थिति पैदा हो गई। SDM तमकुही राज ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिशें तेज कर दी हैं और मृतक के परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया है।
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस तैनात है, और अधिकारियों की कोशिश है कि वार्ता के माध्यम से जाम समाप्त कराया जाए तथा स्थिति सामान्य हो सके।
घटना से इलाके में दहशत और शोक का माहौल कायम है।
