
कुशीनगर पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक श्री निवेश कटियार के पर्यवेक्षण में, तथा क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन कुमार सिंह के नेतृत्व में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना कसया पुलिस ने एक गंभीर और जघन्य अपराध का पर्दाफाश किया है।
थाना कसया पुलिस द्वारा मु0अ0सं0 0605/2025 धारा 103(1), 109 BNS के तहत अभियुक्त सतेन्द्र यादव पुत्र स्व. ईश्वर यादव, निवासी चिरगौडा थाना कसया जनपद कुशीनगर को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने खुलासा किया कि उसके पिता दूसरी शादी करना चाहते थे, जिसका उसने कई बार विरोध किया। बावजूद इसके पिता ने दूसरी शादी कर ली। इस घटना से आहत होकर अभियुक्त ने दिनांक 21/22 सितंबर 2025 की रात्रि को अपने पिता और सौतेली मां पर चाकू एवं लोहे की रॉड से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके पश्चात उसने अपने पिता को छत से नीचे फेंक दिया, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार यह जघन्य अपराध पारिवारिक विवाद और जमीन बटवारे के चलते अंजाम दिया गया।
अभियुक्त की गिरफ्तारी में थाना कसया पुलिस की टीम सक्रिय रही। इस टीम में शामिल थे:
व0उ0नि0 प्रविन्द्र राय, थाना प्रभारी थाना कसया
का0 उमेश सिंह, थाना कसया
का0 उमाशंकर यादव, थाना कसया
कुशीनगर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ कोई ढील नहीं दी जाएगी। पुलिस जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु चौकस और सतर्क है। इस गिरफ्तारी के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि परिवारिक विवाद या किसी भी प्रकार का अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों को कानून के तहत सजा दी जाएगी।
