
कुशीनगर। बिशुनपुरा थाना क्षेत्र के ग्रामसभा कुबेरा भुआलपट्टी में दीपावली पर्व के अवसर पर आयोजित वार्षिक पारंपरिक मेले में इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखते ही बना। दीपों की जगमगाहट के बीच गणपति बप्पा और मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित कर विधि–विधान से पूजा–अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ किया गया। पूजा के दौरान पूरे गांव में भक्ति–भाव, संगीत, मंत्रोच्चार और जयकारों की गूंज गूंजती रही।
मां लक्ष्मी और श्री गणेश की आरती और पुष्पांजलि के बाद मेले में आसपास के गाँवों से आए ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बाजार में लगी विभिन्न दुकानों, झूलों, खाने–पीने के स्टॉल, खिलौने और श्रृंगार सामग्री ने मेले की रौनक में चार चांद लगा दिए। बच्चों में जहाँ झूलों को लेकर खास उत्साह दिखा, वहीं महिलाओं और युवाओं ने देर रात तक खरीदारी का आनंद लिया।
स्थानीय पुलिस की देखरेख में मेला शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुआ। बिशुनपुरा थाने के प्रभारी आनन्द कुमार गुप्ता ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले के लिए सौरभ गिरी व हल्के के सिपाही अभिषेक सिंह व पुलिस मेले में लगातार भ्रमण किया। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए शांति, आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से मेले में कहीं भी कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
मेले के सफल आयोजन में आयोजक मंडल और ग्रामवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन में ग्राम प्रधान मुन्नी देवी, उनके प्रतिनिधि नरेन्द्र गुप्ता, अंगद मिश्रा, राधेश्याम मिश्रा, विजमल गुप्ता, मुन्ना रजक, गौतम कुमार, चन्द्रदीप गुप्ता, नरेश यादव तथा समस्त ग्रामवासी एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग सराहनीय रहा।
दीपोत्सव, पूजा और पारंपरिक मेले के इस अद्भुत संगम ने एक बार फिर साबित किया कि कुबेरा भुआलपट्टी की यह परंपरा न सिर्फ आस्था का प्रतीक है, बल्कि एकता, संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी देती है।
