
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | 29 अक्टूबर 20/25
कुशीनगर जनपद की उपजाऊ भूमि अब नई इबारत लिखने जा रही है। पडरौना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मिश्रौली पोस्ट दान्दोपुर, विकासखंड विशुनपुरा में आज से स्ट्राबेरी की खेती की शुरुआत हो गई है। एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत इस अभिनव पहल का शुभारंभ मा. विधायक मनीष जायसवाल ने किया।
उन्होंने कृषक अयान सिद्दीकी को 0.60 हेक्टेयर भूमि पर स्ट्राबेरी की खेती हेतु उद्यान विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए पौधों का वितरण किया। इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी कृष्ण कुमार, मिशन प्रभारी विपिन उपाध्याय, तथा क्षेत्र के अन्य प्रगतिशील किसान – ओम प्रकाश दूबे, इम्तियाज हाशमी, खुर्शीद आलम और इजहारूल भी मौजूद रहे।
कृषि में नवाचार की मिसाल बने अयान सिद्दीकी
प्रगतिशील किसान अयान सिद्दीकी पहले से ही आधुनिक बागवानी के क्षेत्र में अग्रणी हैं। उनके खेतों में आम की 110 वैराइटी – जैसे मिया जाकी, 3 टेस्ट, नूरजहां, ब्लू परपल, गुलाब खास, क्यू जे आई, बारी 11, बारी 13, सिंधू सीडलेस जैसी विदेशी प्रजातियाँ फल-फूल रही हैं। इसके साथ ही अमरूद की 5, नींबू की 4, अंजीर की 3, चीकू की 3 तथा वाटर एप्पल की 2 वैराइटी की बागवानी भी की जा रही है।
मा. विधायक श्री जायसवाल ने खेतों का निरीक्षण करते हुए कहा कि – “यह पहल न केवल क्षेत्र के किसानों के लिए प्रेरणादायक है, बल्कि पडरौना को उच्च मूल्य वाली फसलों के मानचित्र पर स्थापित करेगी।”
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि अयान सिद्दीकी पडरौना विधानसभा के पहले किसान हैं जिन्होंने स्ट्राबेरी की खेती की शुरुआत की है, और आने वाले दिनों में यह मॉडल पूरे जनपद में किसानों के लिए नई राह खोलेगा।
कुशीनगर की मिट्टी अब सिर्फ धान-गेहूं तक सीमित नहीं रहेगी – अब स्ट्राबेरी की मिठास भी देगी किसानों को खुशहाली! 🍓




