
—जिला गौसदन मधवलिया को जोड़ने वाला ओड़वलिया-मधवलिया मार्ग बदहाल, आमजन का जीवन अस्त-व्यस्त
महराजगंज।
सिसवा विधानसभा क्षेत्र के ओड़वलिया से मधवलिया को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। यह मार्ग प्रतिदिन हजारों लोगों के आवागमन का जरिया है, लेकिन अब यह सड़क किसी गंदे नाले में तब्दील हो चुकी है। खास बात यह है कि इसी रास्ते से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट जिला गौसदन मधवलिया भी जुड़ा है, जहां आए दिन मंत्री, विधायक व प्रशासनिक अधिकारी आवाजाही करते हैं, फिर भी यह मार्ग उपेक्षा का शिकार बना हुआ है।
स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर खड़े होकर जलभराव और बदबू के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गंदे पानी में उतरकर नारेबाजी की और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर नाराजगी जाहिर की। कई जगह बाइक और साइकिल फिसलने से लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क सिसवा और नौतनवा विधानसभा को जोड़ती है और हर दिन स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों और महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जलभराव महीनों बना रहता है जिससे मलेरिया, डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। दुकानदारों ने बताया कि ग्राहक जलजमाव के कारण नहीं आ रहे, जिससे उनके रोजी-रोटी पर संकट मंडरा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो बड़ा आंदोलन होगा। विरोध में सर्वेश पटेल, राहुल, संजय, आशीष, विनोद, मिथलेश, राधे, मंजेश, ठाकुर, उपेंद्र, बहादुर, नागेन्द्र समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।
