
कुशीनगर जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी गुंजन द्विवेदी की उपस्थिति में जनपद स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई।
बैठक में सर्व प्रथम जनपद के विभिन्न उच्च विद्यालयों के प्रबंधक गणों द्वारा अलंकार योजना अंतर्गत सहमति पत्र/आवेदन दिए जाने की समीक्षा की गई, जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों की जर्जर स्थिति के दृष्टिगत शासन द्वारा मरम्मत कराए जाने हेतु अनुमानित लागत का 75 प्रतिशत शासन द्वारा बहन किया जाएगा तथा 25 प्रतिशत प्रबंधक द्वारा वहन किया जाएगा। उन्होंने सभी से अपेक्षा करते हुए कहा कि इस कार्य हेतु आवेदन शीघ्र करें ताकि आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करते हुए बजट मांग पत्र शासन को प्रेषित किया जा सके।
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी श्री तंवर ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के सभी जर्जर विद्यालय भवनों की विस्तृत सूची तैयार की जाए। इस सूची में प्रत्येक भवन की वर्तमान स्थिति, स्थान तथा आवश्यक मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण की जानकारी स्पष्ट रूप से अंकित हो। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी विद्यालयों में नामांकित विद्यार्थियों के लिए जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया जाए, ताकि विद्यार्थियों को समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध हो सके। साथ ही शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत नामांकन बढ़ाने हेतु ठोस एवं प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (KGBV) में अध्ययनरत छात्राओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के शत-प्रतिशत सन्तृप्तिकरण (सैचुरेशन) हेतु आवश्यक धनराशि की व्यवस्था की जाएगी, ताकि विद्यालयों में सभी मूलभूत व आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा लक्ष्यों की पूर्ति हेतु ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।


