


तमकुही राज दुदही से सुरेंद्र रौनियार की खास रिपोर्ट
दुदही (कुशीनगर)। दुदही क्षेत्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार को दुदही क्षेत्र में नई बस सेवा की शुरुआत की गई। देवरिया मा0 सांसद शशांक मणी त्रिपाठी जी और फाजिलनगर विधायक सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा जी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इस सेवा का शुभारंभ किया।
उद्घाटन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर देवरिया मा0 सांसद शशांक मणी त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण अंचल के लोगों की सबसे बड़ी समस्या परिवहन व्यवस्था रही है। अब इस नई बस सेवा के शुरू होने से दुदही और आसपास के गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक आसानी से पहुंचने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
फाजिलनगर विधायक सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा ने भी कहा कि यह सेवा क्षेत्रवासियों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। छात्रों, नौकरीपेशा और व्यापारियों को प्रतिदिन यात्रा में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में और भी नई सेवाओं की शुरुआत कर ग्रामीणों को आधुनिक यातायात व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।
नगर पंचायत कार्यालय दुदही में संभावित जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित हुआ। सांसद और विधायक ने नागरिकों की समस्याएं एवं सुझाव सुने तथा समाधान का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और अपनी समस्याएं सामने रखीं।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी खुशी जताई और कहा कि बस सेवा से अब उन्हें बाजार, अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों तक आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। पहले उन्हें निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष अजेश भारती और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। नई बस सेवा की शुरुआत से दुदही क्षेत्र में विकास की एक और कड़ी जुड़ गई है।
