
कसया कुशीनगर से अमित कुमार कुशवाहा की खास रिपोर्ट
कुशीनगर जिले में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कसया थाना परिसर में देशभक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। ध्वजारोहण के बाद जब देशभक्ति गीतों की धुन गूंजी, तो प्रभारी निरीक्षक अमित शर्मा ने अपनी वर्दी में तिरंगे के रंग और देशप्रेम से ओतप्रोत होकर ऐसा जोशीला डांस किया कि पूरा माहौल तालियों की गड़गड़ाहट से भर गया।
अमित शर्मा का यह डांस केवल मनोरंजन नहीं था, बल्कि मातृभूमि के प्रति अटूट प्रेम और समर्पण का जीवंत उदाहरण था। उनके हर कदम में देशभक्ति का जज़्बा और हर लय में देश के प्रति गर्व झलक रहा था। इस जोश में पुलिस टीम के अन्य जवान भी शामिल हो गए और कदम से कदम मिलाकर समारोह को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय लोगों ने कहा कि जब एक पुलिस अधिकारी तिरंगे के रंग में इस तरह सराबोर हो जाए, तो उनका नृत्य भी देशभक्ति का प्रतीक बन जाता है। दर्शकों ने इंस्पेक्टर अमित शर्मा को “वर्दी का असली हीरो” बताते हुए उनके इस अंदाज़ की जमकर तारीफ की।
देशभक्ति गीतों से गूंजते थाना परिसर में वर्दी और तिरंगे का यह संगम देखकर हर किसी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया, और स्वतंत्रता दिवस का यह जश्न हमेशा के लिए यादगार बन गया।

