
दुदही/कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के नगर पंचायत दुदही में बुधवार को एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन नगर पंचायत कार्यालय परिसर में किया गया। इस मौके पर नीट (NEET) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले तीन मेधावी छात्रों — अंशु कुमारी (पुत्री हरिकेश गुप्ता), दुर्गेश (पुत्र हरिगोपाल) और मेराज (पुत्र अनवर), सभी निवासी नगर पंचायत दुदही — को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में चेयरमैन प्रतिनिधि अजीम आलम ने तीनों सफल छात्रों को प्रशस्ति पत्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इन युवाओं की मेहनत, लगन और अनुशासन ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे नगर का मान बढ़ाया है। अजीम आलम ने यह भी कहा कि क्षेत्र के युवाओं को इनसे प्रेरणा लेनी चाहिए और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
समारोह के दौरान नगर पंचायत के कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और परिजन मौजूद रहे। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तीनों मेधावी छात्रों की सफलता पर बधाई दी और उनके सुनहरे भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

