

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
जनपद कुशीनगर के थाना कसया, कोतवाली पडरौना व तुर्कपट्टी क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में आधुनिक “यक्ष ऐप” की भूमिका निर्णायक साबित हुई, जिसने जांच को नई दिशा दी।
घटनाएं 26 फरवरी और 5 मार्च 2026 की हैं, जब पडरौना के धर्मशाला रोड और सुभाष चौक के पास से अपाचे व रॉयल बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी। मामले में मुकदमे दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट सुराग नहीं मिल पाया, लेकिन यक्ष ऐप के माध्यम से कैमरों की लोकेशन ट्रैक कर रेलवे क्रॉसिंग के पास अहम फुटेज हासिल हुआ।
एआई तकनीक से संदिग्ध का चेहरा आंशिक रूप से स्पष्ट कर फेस सर्च किया गया, जिससे एक हिस्ट्रीशीटर की पहचान हुई। इसके बाद शहर के विभिन्न सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अपराधियों की मूवमेंट ट्रेस की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले रेकी कर चुके थे और घटना के बाद तुर्कपट्टी व कसया की ओर फरार हुए।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शिवम उर्फ शुभम, सुलेमान राईनी व शशिरंजन तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की बुलेट व अपाचे मोटरसाइकिल, पिकअप वाहन व जनरेटर बरामद किया गया है। अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, जो संगठित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यक्ष ऐप के प्रभावी उपयोग से अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी संभव हो सकी। यह कार्रवाई दर्शाती है कि अब पुलिस पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का भी सशक्त उपयोग कर रही है। वहीं, इस सफलता से अपराधियों में हड़कंप मच गया है और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।
