
दुदही कुशीनगर से सुरेन्द्र कुमार रौनियार की खास रिपोर्ट
दुदही/विशुनपुरा: कुशीनगर जनपद के नगर पंचायत दुदही वार्ड नंबर 10, श्रीराम जानकीनगर में रहने वाले लगभग 5000 गरीब व असहाय लोगों पर बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है। मामला गाटा संख्या 551/3, रकबा 3.8650 हेक्टेयर भूमि का है, जो सीलिंग एक्ट के तहत अतिरिक्त घोषित की गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे जमींदारी के समय से इस भूमि पर रह रहे हैं और उनके आवास, शौचालय, नाली, सड़क, विद्युत जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं।हालांकि, अब नगर पंचायत बनने के बाद संबंधित जमींदार बार-बार धमकी दे रहे हैं कि वे उनके घर उजाड़ देंगे। इससे गरीब और असहाय परिवारों में दहशत फैल गई है। स्थानीय प्रतिनिधि और वार्ड नंबर 10 के सभासद प्रतिनिधि राजन ब्याहुत ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश शासन, नगर विकास मंत्री, आयुक्त गोरखपुर, मानवाधिकार आयोग समेत कई उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा है।पत्र में मांग की गई है कि गाटा संख्या 551/3.8650 हे० को “सीलिंग भूमि” की श्रेणी से बदलकर ग्रामसभा में दर्ज किया जाए, ताकि गरीबों के आवास को नियमित किया जा सके और उन्हें बेघर होने से बचाया जा सके। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र के लोगों में गहरी चिंता है, और अब सभी की नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई हैं कि क्या गरीबों को न्याय मिलेगा या फिर वे बेघर होकर दर-दर भटकने को मजबूर होंगे।
