

विलेज फास्ट टाइम्स, जनपद कुशीनगर
थाना विशुनपुरा से अमित कुमार कुशवाह की विशेष ग्राउंड रिपोर्ट
कुशीनगर। थाना विशुनपुरा क्षेत्र का शांत और सरल माना जाने वाला ग्राम कतौवरा शुक्रवार की दोपहर उस वक्त दहल उठा जब पडरौना–तमकुही मार्ग पर स्थित कतौवरा हनुमान मंदिर के पास दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने इतनी जोरदार तरीके से भिड़ीं कि आसपास के लोग घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। टक्कर की आवाज कई मीटर दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं। ठीक मंदिर के मोड़ पर एक बाइक अचानक अनियंत्रित हुई और देखते ही देखते दोनों वाहन भयावह टक्कर के साथ सड़क पर गिर पड़े। इस खौफनाक हादसे में ग्राम कतौवरा निवासी रामनेश शर्मा (51 वर्ष), पुत्र शंकर शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि जिस हालत में रामनेश सड़क पर पड़े मिले, उसे देखकर सभी के हाथ-पांव सुन्न हो गए थे।
सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर घायलों को उठाया और तत्काल समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल रामनेश को डॉक्टरों ने काफी प्रयासों के बाद भी नहीं बचा पाए और इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर फैलते ही कतौवरा गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु कुशीनगर जिला मुख्यालय भेज दिया है।
दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों की स्थिति भी कम चिंताजनक नहीं थी। पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार—
रिजवान पुत्र सुभान, निवासी नरहवां फाजिलनगर, थाना पटहेरवा, उम्र 25 वर्ष
शैफ अली पुत्र मुस्तफा अंसारी, निवासी अझिपरा टोला, थाना रामकोला, उम्र 17 वर्ष
असलम पुत्र आलम, निवासी टेकुआटार, थाना रामकोला, उम्र 19 वर्ष
इन तीनों युवकों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि दो की स्थिति स्थिर है, जबकि एक युवक की हालत पर विशेष नजर रखी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार, सड़क पर अंधे मोड़ और लापरवाही को इस हादसे की बड़ी वजह बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, बावजूद इसके अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोग स्पीड ब्रेकर लगाने, पुलिस गश्त बढ़ाने और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग कर रहे हैं।
कटौवरा में हुए इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक सम्मानित ग्रामीण की मौत ने गांव को गमगीन कर दिया है और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विलेज फास्ट टाइम्स के लिए — अमित कुमार कुशवाह की खास रिपोर्ट
