
तमकुहीराज, कुशीनगर।
तहसील क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र दुदही से जुड़े ग्राम पाण्डेयपट्टी में शनिवार की देर रात तेज़ हवाओं और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई। गांव में लगा 11 हजार वोल्ट की लाइन पर स्थित ट्रांसफार्मर टूटकर पूरे पोल सहित पानी में जा गिरा। परिणामस्वरूप गांव पिछले 48 घंटे से पूरी तरह अंधेरे में डूबा हुआ है।
गांव के लोग दो दिन से बिजली गुल होने के कारण भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। मोबाइल चार्जिंग, पानी की मोटरें और घरेलू कामकाज सब ठप पड़े हैं। बच्चों की पढ़ाई से लेकर रात के समय की सुरक्षा तक प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश और जलभराव के चलते घरों और गलियों में पानी भर गया है, जबकि निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ट्रांसफार्मर की मरम्मत या नया ट्रांसफार्मर लगाया नहीं गया, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। गांव के सामाजिक कार्यकर्ता व अधिवक्ता बृजेश पाण्डेय, पवन मधेशिया, शिवपूजन चौबे, गयासुद्दीन अली, राजेश उर्फ गुड्डू पाण्डेय, राजन पाण्डेय, मोतीलाल गुप्ता आदि ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर तत्काल सुधार की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि तेज़ हवा और बारिश के दौरान कई जगह बिजली के खंभे झुक गए और तारें टूटकर जमीन पर गिर पड़ीं, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। बिजली विभाग द्वारा अब तक मरम्मत कार्य न शुरू किए जाने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
इस बीच विद्युत उपकेंद्र दुदही के जेई सर्वेश दुबे ने बताया कि तेज़ हवाओं के कारण ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ है और कई स्थानों पर तारों में टूट-फूट आई है। विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया है तथा जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर आपूर्ति बहाल की जाएगी।
गांव के लोगों ने कहा कि बारिश के मौसम में इस तरह की लापरवाही से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों की मांग है कि बिजली विभाग ट्रांसफार्मर और लाइन दोनों की शीघ्र मरम्मत कराए, ताकि अंधकार से जूझ रहे सैकड़ों परिवारों को राहत मिल सके।
