
कुशीनगर। जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुदही में मंगलवार को टीवी (क्षयरोग) जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और अपनी स्वास्थ्य जांच कराई। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को टीबी जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना तथा इसके समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना था।
स्वास्थ्य केंद्र पर आए मरीजों के सराय और बलगम की जांच की गई। चिकित्सकों ने लोगों को बताया कि टीबी एक संक्रामक रोग है, जो समय पर पहचान और उपचार से पूरी तरह ठीक हो सकता है। जांच के बाद जिन मरीजों में लक्षण पाए गए, उन्हें तुरंत दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं और आगे की चिकित्सा प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई।
चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने शिविर में मौजूद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियाँ भी दीं। उन्होंने कहा कि टीबी के मरीज को दवा बीच में छोड़नी नहीं चाहिए, बल्कि पूरा कोर्स पूरा करना जरूरी है। साथ ही स्वच्छता, पौष्टिक आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच की भी सलाह दी गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा टीबी उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों का आयोजन कर लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
शिविर में दर्जनों मरीजों की जांच हुई और उन्हें उचित परामर्श दिया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे शिविर गांव-गांव में आयोजित होने चाहिए, ताकि हर जरूरतमंद को समय पर इलाज मिल सके।
