
कुशीनगर जिले के थाना खड्डा क्षेत्र में पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पशु चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला थाना खड्डा के अहिरौली मंदिर टोला निवासी वादी विकास सिंह की तहरीर पर सामने आया। उन्होंने पुलिस को बताया कि 25 सितंबर 2025 की रात उनकी गाय और बछड़ा चोरी हो गया था। परिजनों और ग्रामीणों के साथ लगातार तलाश की जा रही थी। इसी बीच 27 सितंबर को अहिरौली बंधा के पास दो संदिग्ध व्यक्तियों को गाय और बछड़ा ले जाते हुए देखा गया। ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों ने अपनी पहचान महबूब आलम पुत्र असगर, निवासी बसहिया बनबीरपुर, थाना कोतवाली पडरौना तथा छोटे कुरैसी पुत्र निसार, निवासी बसहिया बनबीरपुर, थाना कोतवाली पडरौना के रूप में बताई। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि 25 सितंबर की रात अहिरौली मंदिर टोला से चोरी की गई गाय और बछड़े को बिहार ले जाकर बेचने की योजना थी।
इसके अलावा उन्होंने पुलिस के सामने खुलासा किया कि 24 सितंबर को लक्ष्मीपुर गांव, थाना कुबेरस्थान से एक भैंस भी चुराई गई थी, जिसे नारायणपुर बाजार में 22 हजार रुपये में बेचा गया था।
पुलिस ने वादी की तहरीर व बरामदगी के आधार पर दोनों अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। प्रकरण में अन्य तथ्यों की गहनता से छानबीन की जा रही है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी खड्डा श्री उमेश चन्द्र भट्ट ने बताया कि पुलिस चोरी की घटनाओं पर सख्ती से कार्रवाई कर रही है। ग्रामीणों की सतर्कता से यह मामला खुला है और आगे भी इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस चौकसी बढ़ा दी गई है।
