

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
कुशीनगर। जनपद के विशुनपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पड़रौना–तमकुही राज मुख्य मार्ग पर स्थित चिरकुटहा वन नर्सरी के समीप गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने एक टेंपो चालक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो चालक अपने वाहन के साथ सड़क किनारे खड़ा होकर सवारी से किराया वसूल रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे टेंपो में जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो चालक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही पलों में उसकी सांसें थम गईं।
मृतक की पहचान सरफराज (35 वर्ष), निवासी तमकुही राज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सरफराज के छोटे-छोटे बच्चे हैं। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण व राहगीर घटनास्थल पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही थाना विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटना के बाद फरार कार चालक की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में जांच और छानबीन शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वाहन चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन इसके बावजूद वाहन चालकों की लापरवाही पर कोई प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त निगरानी और तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
