

विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर | विशेष संवाददाता
कुशीनगर जनपद के विकासखंड कसया अंतर्गत ग्राम सिरसिया खोहिया स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में मेरा युवा भारत, कुशीनगर (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में दो दिवसीय विकासखंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य एवं अनुशासित आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में खेल भावना, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता के प्रथम दिवस का शुभारंभ पूर्व ब्लॉक प्रमुख कसया प्रियेश तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने युवाओं को खेल को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी सिखाता है। पहले दिन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें बटेसरा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खोहिया की टीम को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
द्वितीय दिवस समापन अवसर पर ट्रैक एवं फील्ड के अंतर्गत 200 एवं 400 मीटर दौड़ तथा कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 200/400 मीटर महिला वर्ग में सलोनी कुशवाहा ने प्रथम स्थान, आराध्या ने द्वितीय तथा संजू ने तृतीय स्थान प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं 400 मीटर पुरुष वर्ग में राजन राजभर प्रथम, अनूप कुशवाहा द्वितीय और जिगर सिंह तृतीय स्थान पर रहे। कबड्डी बालिका वर्ग का फाइनल मुकाबला हेरिटेज कसया एवं हाटा के बीच खेला गया, जिसमें हेरिटेज कसया की टीम विजेता रही।
प्रतियोगिता के अंत में 23 जनवरी पराक्रम दिवस के अवसर पर आयोजित गोष्ठी में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। अतिथियों ने उनके जीवन, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उप निदेशक पंचायत हिमांशु शेखर ठाकुर, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शिनी, जिला युवा अधिकारी सचिन कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, नंदलाल कुशवाहा (बुद्धा हॉस्पिटल), अनिरुद्ध कुशवाहा (CWC), डॉ. सरिता गुप्ता, ग्राम पंचायत अधिकारी प्रति सिंह, जिला प्रवोशन सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। आयोजन में ग्राम प्रधान अरविंद सिंह, जयराम कुशवाहा, विभूति कुशवाहा, प्रेम नाथ वर्मा, कन्हैया वर्मा, छेदीलाल कुशवाहा एवं राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हिमांशु कुशवाहा की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही।
पूरे आयोजन में प्रशासनिक समन्वय, अनुशासन और युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह स्पष्ट कर दिया कि ग्रामीण अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है तो केवल ऐसे सशक्त मंचों की।





