
नवंबर, विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर।
कुशीनगर जनपद के खड्डा तहसील परिसर स्थित रजिस्ट्री ऑफिस में शनिवार को बैनामे के दौरान ऐसा बवाल मचा कि पूरा परिसर हंगामे से गूंज उठा। जमीन के बैनामे को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तीखी नोकझोंक और मारपीट में बदल गया। बवाल इतना बड़ा था कि वहां मौजूद लोग दहशत में इधर-उधर भागते दिखे।
हैरानी की बात यह रही कि पूरा विवाद सोशल मीडिया पर वीडियो के रूप में तेज़ी से वायरल हो गया, लेकिन मौके पर मौजूद रजिस्ट्रार ने न तो हंगामे को रोकने की कोशिश की और न ही संबंधित थाने को सूचना देना आवश्यक समझा। प्रशासनिक चुप्पी ने लोगों में नाराजगी बढ़ा दी है।
सूत्रों के मुताबिक, बैनामा करवा रही महिला ने विवाद के दौरान दूसरे पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया और किसी भी कीमत पर उसी समय बैनामा पूरा कराने पर अड़ गई। आरोप है कि महिला ने दबाव और धक्का-मुक्की के बीच बैनामे की पूरी प्रक्रिया कराई, जबकि रजिस्ट्री ऑफिस के कर्मचारी घटनाक्रम को मूकदर्शक बने देखते रहे।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब महिला खुद को असुरक्षित महसूस करते हुए 112 नंबर पर कॉल करने पर मजबूर हुई। सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस के पहुंचने के बाद ही स्थिति सामान्य हो सकी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि रजिस्ट्री ऑफिस में आए दिन विवाद होते हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नाम मात्र की है। वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि हंगामे के दौरान कोई भी अधिकारी हस्तक्षेप करने सामने नहीं आया। रजिस्ट्रार की इस चुप्पी पर लोगों ने बड़ा सवाल उठाया है कि आखिर इतनी बड़ी घटना के बावजूद पुलिस को तत्काल जानकारी क्यों नहीं दी गई?
लोगों का कहना है कि रजिस्ट्री ऑफिस में दलालों और कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से अक्सर पक्षकारों पर दबाव डालकर कागजी कार्रवाई कराई जाती है, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहता है।
फिलहाल पुलिस ने बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विलेज फास्ट टाइम्स इस मामले से जुड़े हर अपडेट को आप तक पहुंचाता रहेगा।
