
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 16.12.2025
कप्तानगंज के मठिया गांव में हिंसक बवाल पुरानी रंजिश ने लिया उग्र रूप, पुलिस पर पथराव
तीन पुलिसकर्मी घायल, सरकारी वाहन क्षतिग्रस्त 16 उपद्रवी हिरासत में, गांव में पुलिस तैनात
जनपद कुशीनगर के थाना कप्तानगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मठिया में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दिनांक 15 दिसंबर 2025 की रात शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया।
जानकारी के अनुसार, गांव के ओमप्रकाश साहनी और रामेश्वर साहनी के बीच लंबे समय से चली आ रही रंजिश एक बार फिर भड़क उठी। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें ओमप्रकाश साहनी के परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल पुलिस द्वारा जिला अस्पताल भेजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की जा रही थी, तभी अचानक भीड़ उग्र हो गई और कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए पुलिस बल पर पथराव कर दिया। अचानक हुए इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि पीआरवी सहित पुलिस के अन्य वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिए गए।
घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल सीएचसी कप्तानगंज भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस सनसनीखेज घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ओमप्रकाश साहनी तथा घायल पुलिसकर्मियों की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने अब तक 16 उपद्रवियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस पूरे मामले पर क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुंदन सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ बिना किसी दबाव के कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


