
कुशीनगर। प्रदेश सरकार द्वारा गन्ने का समर्थन मूल्य ₹400 प्रति क्विंटल तय किए जाने के निर्णय पर किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। केन यूनियन संघ के अध्यक्ष ई. सिद्धांत कुमार सिंह ने इस फैसले पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम प्रदेश के करोड़ों गन्ना किसानों के लिए त्योहार से पहले बड़ी सौगात साबित होगा।
रामकोला आगमन पर मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष सिद्धांत कुमार सिंह ने कहा कि लंबे समय से किसान बढ़े हुए गन्ना मूल्य की मांग कर रहे थे। प्रदेश सरकार ने उनकी आवाज़ सुनी और ₹400 प्रति क्विंटल मूल्य घोषित कर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से न केवल गन्ना उत्पादक किसानों की आर्थिक स्थिति सुधरेगी, बल्कि शुगर मिलों, परिवहन क्षेत्र और मजदूर वर्ग को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
अध्यक्ष ने कहा कि गन्ना मूल्य बढ़ोतरी से प्रदेश के किसानों को लगभग तीन हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ होगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार होगा। यह निर्णय ‘दुगुनी आय वाले किसान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार की इस पहल से किसानों में उत्साह और उत्पादन दोनों में वृद्धि होगी, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और मजबूत होगी। अध्यक्ष ने गन्ना किसानों से अपील की कि वे सरकार की इस किसान हितैषी नीति का लाभ उठाते हुए उत्पादन में और गुणवत्ता सुधार की दिशा में प्रयास जारी रखें।
गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी को लेकर जिलेभर में किसानों में हर्ष की लहर है और कई स्थानों पर मिठाई बांटकर किसानों ने इस निर्णय का स्वागत किया।
