
कुशीनगर जनपद के सेवरही-तमकुही मार्ग पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रामपुर बरहन ग्राम पंचायत के प्रधान अशर्फी यादव की गाड़ी अचानक पीपा पुल के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में ग्राम प्रधान घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना शिवराय और तमकुही रोड के बीच स्थित दमकला पुल के पास हुई, जब ग्राम प्रधान कहीं निजी कार्य से जा रहे थे। तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति के चलते उनकी गाड़ी नियंत्रण से बाहर हो गई और पीपा पुल के समीप पलट गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के ग्रामीण पहुंचे और घायल प्रधान को गाड़ी से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर सड़क की हालत बेहद खराब है, जिससे अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सड़क मरम्मत की मांग की है।
फिलहाल ग्राम प्रधान अशर्फी यादव का प्राथमिक इलाज चल रहा है और स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने भी मौके का मुआयना किया है और जांच जारी है।
