
कुशीनगर जिले के विशुनपुरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी गए कीमती आभूषण और ₹26,280 की नकदी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश जायसवाल उर्फ मुंशी पुत्र शंकर जायसवाल, निवासी घुघुली, जनपद महराजगंज (वर्तमान पता: बरवा बभनौली, थाना विशुनपुरा, कुशीनगर) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना विशुनपुरा में पहले से ही मुकदमा दर्ज था, जिसकी विवेचना के क्रम में यह गिरफ्तारी की गई।
पुलिस को आरोपी के पास से एक मंगलसूत्र व उसका लॉकेट (पीली धातु) एक नथिया की लरी, एक कान का टप्स, ₹26,280 नकद बरामद किया है।
चोरी की यह घटना कुछ दिन पहले विशुनपुरा क्षेत्र में सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी को चिन्हित किया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए सुरेश जायसवाल को गिरफ्तार किया।
इस कार्रवाई में शामिल टीम में रहे:
थाना विशुनपुरा के अपराध निरीक्षक अनिल सिंह यादव, उपनिरीक्षक दिग्विजय सिंह, हेड कांस्टेबल वैष्णो प्रताप सिंह और अभिषेक सिंह, कांस्टेबल अनूप पाण्डेय और रविप्रकाश यादव।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने टीम को सराहना देते हुए कहा कि “जनपद में अपराध पर नियंत्रण और जनता की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। इस तरह की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेंगी।”
फिलहाल आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजते हुए आगे की विधिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विशुनपुरा थाना पुलिस की इस तत्परता से स्थानीय लोगों में भी पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।
