
18 दिसम्बर | विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
रामकोला क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी मण्डल के तत्वावधान में उद्योग एवं उद्यम निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रायोजित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के भव्य उद्घाटन समारोह ने आत्मनिर्भर भारत की सोच को ज़मीन पर उतारने का स्पष्ट संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकप्रिय विधायक विनय प्रकाश गोंड रहे, जिन्होंने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर आयोजन का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम स्थल पर उत्साह, विश्वास और आत्मनिर्भरता का माहौल साफ झलक रहा था।
मुख्य अतिथि विधायक विनय प्रकाश गोंड ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है कि देश व प्रदेश की महिलाएँ केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि आर्थिक विकास की सशक्त भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को हुनर, प्रशिक्षण और आत्मविश्वास देने का मजबूत माध्यम है। आज महिलाएँ घर की चारदीवारी से निकलकर प्रशिक्षण ले रही हैं, यह सामाजिक परिवर्तन का बड़ा संकेत है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण को केवल औपचारिकता न समझें, बल्कि इसे आत्मनिर्भर बनने का हथियार बनाएं।
विधायक ने लिज्जत पापड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि महिलाएँ संगठित होकर छोटे प्रयासों को बड़े संकल्प में बदल दें, तो वे न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे समाज की तस्वीर बदल सकती हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता राधेश्याम दीक्षित ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि पिछड़े, दलित एवं वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ा जाए। इसके लिए योजनाओं को पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ लागू किया जा रहा है।
भाजपा नेता वरुण राय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जब प्रदेश का मुखिया दिन-रात जनता के लिए कार्य कर रहा है, तो समाज के हर वर्ग को भी अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होना चाहिए। प्रशिक्षण प्राप्त महिलाएँ गाँव की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन सकती हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मण्डल अध्यक्ष मनोहर गुप्ता ने कहा कि मोदी-योगी के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में संचालित होगा, जिससे लाभार्थियों को व्यवहारिक और तकनीकी दोनों प्रकार का ज्ञान मिलेगा।
कार्यक्रम में उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, प्राचार्य ध्यानचंद, सहित अनेक वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजन ने स्पष्ट कर दिया कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना ग्रामीण महिलाओं के जीवन में आर्थिक क्रांति लाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।





