
कुशीनगर। 10 अक्टूबर 2025
जनपद कुशीनगर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत थाना विशुनपुरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और धर्म परिवर्तन से जुड़े गंभीर मुकदमे में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला थाना विशुनपुरा क्षेत्र का है, जहां पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 329/25 धारा 137(2), 87, 64 बीएनएस व धारा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म परिवर्तन अधिनियम के तहत आरोपी आफताब पुत्र मुबारक अंसारी निवासी कुबेरा भुआल पट्टी टोला मटियरवा, थाना विशुनपुरा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।
थाना प्रभारी आनंद कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गठित टीम — उपनिरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, कांस्टेबल रामेन्द्र यादव और सोनू साह ने लगातार प्रयास करते हुए मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त को दबोच लिया। टीम ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर थाना लाकर पूछताछ शुरू की, जहां उसने अपना अपराध स्वीकार किया।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का सख्त अभियान जारी रहेगा। किसी भी आपराधिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि धर्म परिवर्तन जैसे संवेदनशील मामलों में लिप्त व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाई गई है और सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
थाना विशुनपुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी है और उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और कानून व्यवस्था के प्रति लोगों में भरोसा और मजबूत हुआ है।
🟩 (रिपोर्ट: संवाददाता कुशीनगर)
