
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | विशेष संवाददाता
दिनांक – 11 जनवरी, 2026
मकर संक्रांति जैसे पावन पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश शासन ने एक अहम निर्णय लेते हुए 14 जनवरी, 2026 को प्रदेशभर में स्थानीय/सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा जारी आदेश संख्या–671/तीन-2025-39(2)/2016 दिनांक 17 नवम्बर, 2025 के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। यह अवकाश निगोशिएबल इन्स्ट्रूमेंट एक्ट, 1881 के अंतर्गत राज्य सरकार को प्राप्त अधिकारों के आधार पर घोषित किया गया है।
जिलाधिकारी कुशीनगर महेंद्र सिंह तंवर ने उक्त शासनादेश के अनुपालन में जनपद कुशीनगर में 14 जनवरी, 2026 को “मकर संक्रांति (खिचड़ी)” पर्व के अवसर पर स्थानीय/सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मकर संक्रांति न केवल धार्मिक बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है, जिसे जनपद में बड़े हर्षोल्लास और पारंपरिक श्रद्धा के साथ मनाया जाता है।
इस निर्णय से जनपदवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरों तक लोग इस पर्व को लेकर पहले से ही तैयारियों में जुटे हुए हैं। गंगा-स्नान, दान-पुण्य, खिचड़ी प्रसाद और मेलों की परंपरा कुशीनगर की पहचान रही है। ऐसे में अवकाश की घोषणा ने आमजन को राहत और उत्साह दोनों प्रदान किया है।
प्रशासनिक हलकों में भी इस फैसले को जनभावनाओं के अनुरूप बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के सम्मान का प्रतीक है।
विलेज फास्ट टाइम्स के विशेष संवाददाता के अनुसार, “मकर संक्रांति केवल पर्व नहीं, बल्कि आस्था, परंपरा और लोकसंस्कृति का महोत्सव है। अवकाश की घोषणा से आमजन को अपने परिवार और समाज के साथ पर्व मनाने का पूरा अवसर मिलेगा। यह निर्णय शासन की संवेदनशीलता और जनहितैषी सोच को दर्शाता है।”
निस्संदेह, 14 जनवरी को जनपद कुशीनगर श्रद्धा, उल्लास और परंपराओं के रंग में रंगा नजर आएगा।

