
दुदही, कुशीनगर।
लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने दुदही नगर पंचायत क्षेत्र को जलमग्न कर दिया है। कई वार्डों में जलभराव की स्थिति से लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ी। इसी बीच नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अजीम आलम ने नागरिकों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि “निसंदेह वर्षों बाद हुई इस भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है, लेकिन नगर पंचायत जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए बृहद कार्ययोजना पर काम कर रही है।”
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अपने गठन के बाद से ही जल निकास की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। चूंकि यह कार्य कई चरणों में पूरा होता है, इसलिए इसमें समय लगना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि “पूर्ववर्तियों को दोष देने के बजाय हमें मिलकर कुछ बेहतर करना होगा।”
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि नगर पंचायत ने पूरे क्षेत्र को जलनिकासी की दृष्टि से तीन प्रमुख भागों में विभाजित कर कार्ययोजना शासन को भेज दी है।
पहला — विशुनपुरा, बरियापट्टी व झरही तक जाने वाले मुख्य नाले के निर्माण का प्रस्ताव।
दूसरा — बड़हरा से होकर पश्चिमी छोर की झरही नदी से जुड़ने वाले बड़े नाले की योजना।
तीसरा — सबसे महत्वपूर्ण गद्दी टोला से मदुरही तक के मौजूदा निकास मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण का कार्य, जिसके जरिए वर्तमान में जलनिकासी हो रही है।
अजीम आलम ने कहा कि “इन तीनों निकास योजनाओं के पूरा होने से दुदही नगर पूरी तरह जलभराव से मुक्त होगा। बस नागरिकों को थोड़ा समय और धैर्य देना होगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि इस योजना को शासन से स्वीकृति दिलाने में यशस्वी विधायक श्री सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा का भी सहयोग मिल रहा है।
नगरवासियों को उम्मीद है कि यह कार्ययोजना लागू होने के बाद दुदही में जलनिकासी की समस्या इतिहास बन जाएगी।
