
विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज़ नेटवर्क, उत्तर प्रदेश
गोरखपुर से बड़ी खबर
गोरखपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर धार्मिक भावनाओं और सनातन परंपराओं के सम्मान का बड़ा मुद्दा गरमा गया है। राष्ट्रीय सर्व जनकल्याण संकल्प पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ समाजसेवी कुलदीप पाण्डेय ने इसको लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर एक बड़ा और संवेदनशील कदम उठाने की मांग की है।
कुलदीप पाण्डेय ने मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में स्पष्ट मांग की है कि नवरात्रि के दौरान प्रदेश में मांस बिक्री की दुकानों को बंद रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। उन्होंने पत्र में विशेष रूप से 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक की अवधि का उल्लेख किया है और कहा है कि इस दौरान पूरे उत्तर प्रदेश, विशेषकर मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में मांस की दुकानों पर रोक लगनी चाहिए।
अपने पत्र में उन्होंने कहा कि शारदीय नवरात्रि हिंदू समाज का सबसे महत्वपूर्ण शक्ति पर्व है। इस दौरान करोड़ों श्रद्धालु मां दुर्गा की नौ दिनों तक उपासना, व्रत, साधना और भक्ति में लीन रहते हैं। ऐसे पवित्र अवसर पर धार्मिक परंपराओं, पवित्रता और जनभावनाओं का सम्मान करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कुलदीप पाण्डेय ने कहा कि उनकी यह मांग किसी भी समुदाय, वर्ग या व्यवसाय से जुड़े लोगों की भावना को आहत करने के लिए नहीं है। इसका एकमात्र उद्देश्य धार्मिक आस्थाओं का सम्मान और जनभावनाओं के अनुरूप एक संवेदनशील निर्णय लेना है। उन्होंने सरकार से अपील की है कि संबंधित विभागों और सभी जिला प्रशासनों को नियमानुसार स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं ताकि नवरात्रि के दौरान धार्मिक माहौल बना रहे।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जनभावनाओं का सम्मान करने वाली योगी सरकार इस विषय पर सकारात्मक और संवेदनशील रुख अपनाते हुए उचित निर्णय लेगी।
रिपोर्ट: विलेज फास्ट टाइम्स, उत्तर प्रदेश

