दुदही /कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के नगर पंचायत दुदही में पुण्यश्लोक माता देवी अहिल्याबाई होलकर जी की स्मृति में दो दिवसीय महिला सशक्तिकरण अभियान एवं नगर पंचायत सम्मेलन का आयोजन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर पंचायत दुदही द्वारा किया गया, जिसमें महिलाओं की भागीदारी, अधिकारों और सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेन्द्र सिंह कुशवाहा रहे, जिन्होंने अपने संबोधन में माता अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों और सामाजिक कार्यों को याद करते हुए कहा कि “अहिल्याबाई ने भारतीय समाज को समानता, शिक्षा और सेवा का जो संदेश दिया, वह आज भी प्रासंगिक है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हमें मिलकर प्रयास करना होगा।”
इस अवसर पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में नगर पंचायत दुदही की अध्यक्ष शायदा खातून की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। आयोजन स्थल पर सजावट और व्यवस्था आकर्षक रही, जिसमें होलकर जी की चित्र प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का समापन 1 जून को एक नगर पंचायत सम्मेलन के साथ हुआ, जिसमें स्वच्छता, विकास योजनाओं, महिला कल्याण और नगर के बुनियादी ढांचे पर चर्चा की गई।
इस आयोजन के माध्यम से न सिर्फ अहिल्याबाई होलकर की स्मृति को सम्मान दिया गया, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।