
कुशीनगर। विलेज फास्ट टाइम्स से विशेष संवाददाता।
दुदही विकासखंड के एक गांव में आंगनबाड़ी भवन और केंद्र के संचालन को लेकर उठे सवाल अब विभागीय स्तर पर गंभीर जांच के घेरे में पहुंच गए हैं। जनसुनवाई संदर्भ संख्या 40018926024977, दिनांक 10 अगस्त 2026 को की गई शिकायत के मामले में जिला कार्यक्रम
अधिकारी, कुशीनगर की ओर से 25 अगस्त 2026 को जारी पत्र ने पूरे प्रकरण को नया मोड़ दे दिया है।
शिकायतकर्ता चन्द्रमणि पाण्डेय ने आरोप लगाया था कि गांव में करीब पांच वर्ष पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा आंगनबाड़ी भवन विभाग को हैंडओवर किए जाने के बावजूद भवन उपलब्ध होने के बाद भी बच्चों की शिक्षा-दीक्षा, पोषण एवं निर्धारित आंगनबाड़ी सेवाओं का अपेक्षित संचालन नहीं हो सका। शिकायत में सरकारी धन से निर्मित भवन के उपयोग और विभागीय निगरानी पर भी सवाल उठाए गए थे।
मामले को लेकर शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष स्थलीय सत्यापन कराने के बजाय कागजी रिपोर्ट के आधार पर शिकायत निस्तारित करने का प्रयास किया जा रहा था। संबंधित सेक्टर की सुपरवाइजर अनामिका सिंह पर शिकायतकर्ता का पक्ष जाने बिना शिकायत निस्तारित कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया गया।
सबसे गंभीर बात यह है कि जिला कार्यक्रम अधिकारी के पत्र में दर्ज विवरण के अनुसार अधिकारी ने स्वयं शिकायतकर्ता से फोन पर बातचीत की। शिकायतकर्ता ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री के संबंध में की गई कार्रवाई से वह संतुष्ट है, लेकिन क्षेत्रीय मुख्य सेविका अनामिका सिंह द्वारा शिकायत के संबंध में कथित रूप से धमकी देने और दबाव बनाने की बात कही गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी ने क्षेत्रीय मुख्य सेविका अनामिका सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी करने का उल्लेख किया है। पत्र में यह भी दर्ज है कि शिकायतकर्ता द्वारा पूर्व में की गई शिकायत के आधार पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका के मानदेय को बाधित किए जाने की कार्रवाई हो चुकी है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आंगनबाड़ी केंद्र की वास्तविक स्थिति क्या है? क्या भवन का अपेक्षित उपयोग हो रहा है? शिकायतों के निस्तारण में स्थलीय सत्यापन हुआ या केवल कागजी कार्रवाई? और यदि शिकायतकर्ता के आरोप सही हैं तो जिम्मेदारी किसकी तय होगी?
विलेज फास्ट टाइम्स इस मामले में निष्पक्ष जांच, वास्तविक स्थलीय सत्यापन और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग के साथ पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है।

