
नगर पालिका कुशीनगर की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, एसडीएम के तबादले के बाद जांच की रफ्तार पर लगा ब्रेक; अध्यक्ष पति की कथित भूमिका भी जांच के घेरे में
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता।
कुशीनगर। सरकारी आदेश जारी करना ही प्रशासन की जिम्मेदारी है या उसे जमीन पर उतारना भी? नगर पालिका परिषद कुशीनगर से जुड़े 11 बिंदुओं की जांच का मामला अब इसी सवाल के कटघरे में खड़ा है। तत्कालीन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर गठित जांच कमेटी की कार्रवाई महीनों बाद भी सार्वजनिक नहीं होने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। हैरानी यह कि एक सप्ताह में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश था, लेकिन समय बीतता गया और नतीजे का आज तक कोई स्पष्ट पता नहीं।
दरअसल, नगर पालिका के कामकाज का निरीक्षण तत्कालीन उपजिलाधिकारी विवेक मिश्रा ने किया था। निरीक्षण के बाद नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल की ओर से एसडीएम को नोटिस जारी किए जाने का मामला भी चर्चा में आया। प्रकरण जिलाधिकारी तक पहुंचा तो उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्कालीन एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।
जांच का दायरा भी छोटा नहीं था। इसमें वित्तीय लेन-देन, सरकारी निर्माण कार्यों, सामग्री खरीद, विद्युत उपकरणों की खरीदारी, विकास कार्यों की गुणवत्ता, भुगतान और प्रशासनिक कार्यप्रणाली जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच होनी थी। यानी जांच पूरी होती तो नगर पालिका के कामकाज से जुड़े कई अहम पहलुओं की तस्वीर सामने आ सकती थी।

लेकिन इसी बीच एसडीएम विवेक मिश्रा का स्थानांतरण हो गया और जांच की गति पर मानो विराम लग गया। नए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के कार्यभार संभालने के बाद भी दो महीने से अधिक समय गुजरने की बात सामने आ रही है, मगर जांच की प्रगति और अंतिम रिपोर्ट को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं है।
तबादला हुआ, क्या जवाबदेही भी चली गई?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या किसी अधिकारी के स्थानांतरण के साथ जिलाधिकारी का जांच आदेश भी समाप्त हो जाता है? यदि जांच पूरी हो चुकी है तो रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की गई? और यदि जांच अधूरी है तो उसे पूरा कराने की जिम्मेदारी किसकी है? प्रशासन को स्पष्ट करना चाहिए कि जांच किस स्तर पर लंबित है और दोषियों की जवाबदेही तय करने की कार्रवाई कहां तक पहुंची है।
अध्यक्ष पति की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल
इस पूरे प्रकरण का एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू नगर पालिका के प्रशासनिक कामकाज में अध्यक्ष पति राकेश जायसवाल की कथित सक्रियता है। निर्माण कार्यों के निरीक्षण, अधिकारियों के साथ बैठकों और कार्यालय में उनकी मौजूदगी को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। आखिर किसी गैर-निर्वाचित व्यक्ति की ऐसी प्रशासनिक भूमिका का वैधानिक आधार क्या है? क्या इसके लिए कोई अधिकृत आदेश या शासनादेश मौजूद है? इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
फिलहाल सवाल किसी व्यक्ति विशेष के प्रभाव का नहीं, बल्कि सरकारी व्यवस्था की पारदर्शिता और जवाबदेही का है। आखिर नगर पालिका के 11 बिंदुओं की जांच फाइलों में कैद क्यों है? क्या जिलाधिकारी का आदेश केवल कागजों तक सीमित रह जाएगा?
जनता को आश्वासन नहीं, जांच का परिणाम चाहिए। प्रशासन को बताना होगा कि जांच पूरी हुई या नहीं, रिपोर्ट कहां है और कार्रवाई कब होगी? क्योंकि सरकारी आदेश की असली ताकत उसके क्रियान्वयन से साबित होती है, न कि केवल हस्ताक्षर और मुहर से।
