सुरक्षा में जरा भी चूक बर्दाश्त नहीं! गहरे पानी में बैरिकेडिंग, नाव और गोताखोरों की होगी तैनाती; बदहाल संपर्क मार्ग को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश

विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता।
कुशीनगर। लोकआस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। नगर पंचायत सेवरही स्थित बांसी नदी के तट पर ऐतिहासिक शिवा घाट पर इस बार लगभग 40 से 50 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है। ऐसे में आस्था के इस विशाल आयोजन को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से घाट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट की भौगोलिक स्थिति, नदी की गहराई, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष और छठ पूजा समिति के पदाधिकारियों से सीधा संवाद कर तैयारियों की जानकारी ली। समिति के सदस्यों ने शिवा घाट के ऐतिहासिक एवं पौराणिक महत्व के साथ यहां उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से अधिकारियों को अवगत कराया।

सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को दो टूक निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नदी के गहरे हिस्सों में श्रद्धालुओं को जाने से रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त नावों और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। घाट पर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और समतलीकरण का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
संपर्क मार्ग की बदहाली पर PWD को सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान घाट तक पहुंचने वाले संपर्क मार्ग को दुरुस्त कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को अतिरिक्त मैनपावर लगाकर मरम्मत एवं निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने तथा निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
अब निगाहें संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर टिकी हैं। निरीक्षण में दिए गए निर्देश जमीन पर कितनी तेजी से उतरते हैं, यह तय करेगा कि शिवा घाट पर छठ महापर्व की तैयारियां श्रद्धालुओं की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती हैं।
