
विलेज फास्ट टाइम्स • कुशीनगर
विशेष संवाददाता | 31 दिसंबर 2025
जनपद कुशीनगर के थाना कसया क्षेत्रान्तर्गत ग्राम जुड़वनिया मंगलवार शाम उस समय दहल उठा जब आपसी रंजिश के चलते दो पक्षों में मारपीट की घटना खूनी संघर्ष में बदल गई। डायल 112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां जांच के दौरान सामने आया कि पुरानी रंजिश के चलते प्रथम पक्ष के निशान्त सिंह पटेल पुत्र संतोष सिंह पटेल निवासी अम्मरपुर को द्वितीय पक्ष के नौशाद अंसारी पुत्र अनवर अली निवासी जुड़वनिया ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने घायल निशान्त को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की आकस्मिक मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं अम्मरपुर व जुड़वनिया क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भिजवाते हुए मामले में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है।
घटना के तुरंत बाद सक्रिय हुई कसया पुलिस ने मुख्य आरोपी नौशाद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियुक्त पर कठोर धाराओं में कार्रवाई की जा रही है और किसी भी सूरत में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा ने घटना को दुखद व गंभीर बताते हुए कहा—
“पुरानी रंजिश के चलते यह हत्या हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी सबूतों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई निर्णायक और सख्त होगी। कानून अपने हाथ में लेने वालों के लिए जनपद में कोई जगह नहीं है।”
एएसपी ने बताया कि गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है, साथ ही क्षेत्र में फ्लैग मार्च व गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न पैदा हो। उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई पारदर्शी और त्वरित होगी, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
उक्त सनसनीखेज वारदात ने वर्ष के अंतिम दिन जनपद को झकझोर दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि भविष्य में कोई भी शख्स नफरत और रंजिश के जुनून में निर्दोष जानें न ले सके।
— विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
