
विलेज फास्ट टाइम्स न्यूज़ | लखनऊ | उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त की बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। अपनी बेबाक कविताओं, तीखे गीतों और सत्ता से सीधे सवाल पूछने के लिए जानी जाने वाली चर्चित कवयित्री एवं लोकगायिका नेहा सिंह राठौर को हजरतगंज पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई के बाद प्रदेश की राजनीति, साहित्य और सोशल मीडिया जगत में जबरदस्त हलचल मच गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हजरतगंज थाना पुलिस ने नेहा सिंह राठौर को अपने कब्जे में लेकर हजरतगंज महिला थाना पहुंचाया है। हालांकि, देर रात तक पुलिस प्रशासन की ओर से हिरासत के स्पष्ट कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। पुलिस की चुप्पी ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है।
सूत्रों की मानें तो नेहा सिंह राठौर से कई संवेदनशील बिंदुओं पर पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के उपरांत उनकी गिरफ्तारी की भी संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उनके हालिया बयानों, रचनाओं और सोशल मीडिया गतिविधियों को लेकर प्रशासन गंभीरता से जांच कर रहा है।
नेहा सिंह राठौर लंबे समय से अपने जनपक्षीय गीतों और सत्ता विरोधी स्वर के लिए जानी जाती रही हैं। उनके गीत अक्सर आम जनता की पीड़ा, बेरोजगारी, महंगाई और लोकतांत्रिक सवालों को मुखर रूप से उठाते रहे हैं। ऐसे में उनकी हिरासत को लेकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
हिरासत की खबर फैलते ही सोशल मीडिया पर समर्थकों और बुद्धिजीवियों की प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं। कई लोग इसे लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने की कार्रवाई बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग कानून के तहत जांच को जरूरी बता रहे हैं।
फिलहाल, पूरे प्रदेश की निगाहें हजरतगंज महिला थाना पर टिकी हुई हैं। पुलिस की अगली कार्रवाई और आधिकारिक बयान का इंतजार है।
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर इस मामले पर पल-पल की अपडेट आपके सामने लाता रहेगा।
