
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के दुदही प्रखण्ड अंतर्गत सेवा बस्ती में विश्व हिन्दू परिषद – सेवा विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर जनसेवा, मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया। दिनांक 04 जनवरी 2026 को आयोजित इस भव्य सेवा कार्यक्रम में सैकड़ों जरूरतमंद, असहाय एवं आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उच्चस्तरीय चिकित्सा परामर्श के साथ-साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। भीषण शीतलहर के बीच यह शिविर आमजन के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं रहा।
शिविर की सफलता में अनुभवी एवं समर्पित चिकित्सकों की अहम भूमिका रही। डा० अश्विनी कुमार चतुर्वेदी, डा० अरुण कुमार तिवारी, डा० अनुराग शर्मा तथा डा० संगम कुमार मौर्य (प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, नटवलिया) ने पूरे समर्पण भाव से मरीजों की जांच कर उन्हें उचित उपचार एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। चिकित्सकों की तत्परता, व्यवहार कुशलता और सेवा भाव ने उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। स्वास्थ्य परीक्षण से लेकर दवा वितरण तक की व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रही।
कार्यक्रम के दौरान विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक कुशलता के साथ सेवा कार्यों का संचालन किया। जिला मंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह, जिला सह मंत्री श्री माणिक्य चतुर्वेदी, प्रखण्ड मंत्री श्री जय सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता निरंतर सेवा में तत्पर रहे। मरीजों की सुविधा, पंजीकरण, कतार प्रबंधन और दवा वितरण तक हर स्तर पर संगठन की कार्यशैली सराहनीय रही।
समापन अवसर पर प्रखण्ड अध्यक्ष श्री गौरव मिश्रा ने सभी चिकित्सकों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित जनमानस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें श्री हनुमान चालीसा की पुस्तक भेंट की। उन्होंने कहा कि “सेवा ही संगठन की आत्मा है और सेवा परमो धर्मः के संकल्प के साथ विश्व हिन्दू परिषद निरंतर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।”
यह चिकित्सा शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवा का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक एकता, प्रशासनिक दक्षता और राष्ट्रसेवा की भावना को भी सशक्त रूप से प्रदर्शित करता नजर आया।












जय श्री राम 🚩 | सेवा परमो धर्मः 🙏
