

विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 06 जनवरी 2026 | थाना: कुबेरस्थान
जनपद कुशीनगर में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे सख़्त अभियान के तहत कुबेरस्थान पुलिस ने एक बड़ी और सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देकर तस्करों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की आड़ में छुपाकर ले जाई जा रही अवैध देशी शराब की बड़ी खेप को पुलिस ने जंगल पचरुखिया बैरियर के पास धर दबोचा। इस कार्रवाई में कुल 92 पाउच अवैध देशी शराब ‘बंटी और बबली’ बरामद करते हुए एक अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, थाना कुबेरस्थान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार सीमा से सटे क्षेत्रों के रास्ते अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान ईंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया, जिसकी तलाशी लेने पर ईंटों के बीच छुपाकर रखी गई 02 पेटी और 02 पाउच (कुल 92 पाउच) अवैध देशी शराब बरामद हुई। यह स्पष्ट करता है कि तस्कर किस हद तक योजनाबद्ध तरीके से कानून को चुनौती दे रहे हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुन्ना यादव पुत्र हरिहर यादव निवासी निमुइया, थाना नवलपुर, जनपद बेतिया (पश्चिम चंपारण), बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से नीले रंग का ट्रैक्टर TRAKSTAR 540 (नंबर BR 22GB 3780) तथा ईंट से भरी ट्रॉली को भी जब्त कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ मु0अ0सं0 06/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष श्री संदीप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राहुल कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, कांस्टेबल नागेंद्र एवं कांस्टेबल संदीप कुमार की टीम की सक्रियता और सजगता सराहनीय रही। प्रशासनिक हलकों में इस कार्रवाई को अवैध शराब के नेटवर्क पर सीधा वार माना जा रहा है।
हालांकि, यह सवाल भी उठता है कि बिहार सीमा से सटे क्षेत्रों में बार-बार अवैध शराब कैसे पहुंच रही है और किन स्तरों पर लापरवाही बरती जा रही है। जिला प्रशासन और आबकारी विभाग की यह सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि केवल गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कुशीनगर पुलिस की यह कड़क कार्रवाई न केवल तस्करों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि आम जनता में कानून के प्रति विश्वास को भी मजबूत करती है। विलेज फास्ट टाइम्स इस अभियान को जनहित में एक निर्णायक कदम मानते हुए प्रशासन से अपेक्षा करता है कि ऐसी कार्रवाई निरंतर जारी रहे और अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगे।
