
विलेज फास्ट टाइम्स | कुशीनगर (कप्तानगंज)
कुशीनगर कप्तानगंज तहसील क्षेत्र अंतर्गत ओवरलोड गन्ना लदे ट्रैक्टर–डालों पर प्रभावी प्रतिबंध लगाने और हालिया दुर्घटना में मृत युवक के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी मंडल कप्तानगंज ने जोरदार आवाज उठाई है। गुरुवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी कप्तानगंज को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से तत्काल ठोस कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि कस्बे से होकर गुजरने वाले ओवरलोड गन्ना डालों के कारण क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ये गन्ना लदे वाहन न केवल यातायात नियमों की खुलेआम अवहेलना कर रहे हैं, बल्कि आमजन की जान के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं। कप्तानगंज सहित सिधियानी, बोदरवार मार्गों पर इन ओवरलोड वाहनों के चलते अक्सर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे राहगीरों और सवारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
भाजपा नेताओं ने बताया कि कई गन्ना डालों के चालक बिना किसी सुरक्षा मानक के तेज और लापरवाह ड्राइविंग करते हैं। परिणामस्वरूप सड़कों पर गन्ना बिखर जाता है, जिससे बाइक सवारों व पैदल राहगीरों के फिसलने और गंभीर चोट लगने की आशंका बनी रहती है। हाल ही में कसंगंज क्षेत्र में ऐसी ही एक दर्दनाक घटना में गन्ना डाल की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
भाजपा मंडल ने इस घटना को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए मृतक के परिजनों को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। साथ ही ओवरलोड गन्ना वाहनों पर सख्त प्रतिबंध, नियमित जांच अभियान, चालकों पर कठोर कार्रवाई और यातायात व्यवस्था को सुचारु करने की मांग भी की गई।
उपजिलाधिकारी कप्तानगंज विनोद कुमार गुप्ता को सौंपे गए ज्ञापन में प्रशासन से अपेक्षा जताई गई कि वह जनहित में त्वरित निर्णय लेते हुए दुर्घटनाओं पर रोक लगाएगा। इस अवसर पर राधेश्याम पासवान, रविंद्र गोंड, भोला साहनी, शालिक जायसवाल, रमेश मोदनवाल, आनंद रजियार, विनोद गुप्ता सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन तेज किया जाएगा।

