
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर से विशेष संवाददाता।
कुशीनगर। जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत तमकुहीराज पुलिस ने शराब तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए कार में छिपाकर ले जाई जा रही विभिन्न ब्रांडों की 330 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आई-20 कार को भी जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 14 नवंबर 2026 को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के दौरान टड़वा मोड़ से नैनू पहरू जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध आई-20 कार की तलाशी ली गई। जांच में वाहन के भीतर बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब मिली। बरामद शराब में 750 एमएल की 205 बोतल रॉयल स्टैग प्रीमियर, 375 एमएल की 89 बोतल रॉयल स्टैग तथा 750 एमएल की 36 बोतल रॉयल ग्रीन शामिल हैं। पुलिस ने कुल शराब की मात्रा लगभग 215 लीटर बताई है।
कार का पंजीकरण नंबर BR28 L8696 बताया गया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर थाना तमकुहीराज में मुकदमा अपराध संख्या 290/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 63 व 72 तथा बीएनएस की धारा 345(3) में अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वाहन के पंजीकरण नंबर के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष चन्द्रभान सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आदर्श कुमार मिश्रा सहित पुलिस टीम के जवान शामिल रहे। टीम की इस कार्रवाई को अवैध शराब के परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
अब बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति कहां होनी थी? पुलिस जांच के बाद ही शराब तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
