
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | 11 जनवरी 2026
जनपद कुशीनगर में अपराध के विरुद्ध चल रहे अभियान को आज बड़ी सफलता मिली, जब थाना कोतवाली पड़रौना पुलिस ने अन्तर्राज्यीय शराब तस्करी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए हरियाणा निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की 83 पेटियों के साथ दो शातिर तस्करों को धर दबोचा। बिहार ले जायी जा रही इस खेप की कुल कीमत वाहन सहित लगभग 23 लाख रुपये आँकी गई है।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली पड़रौना पुलिस ने ट्रक संख्या BR01GQ5551 से 996 शीशियों (करीब 747 लीटर) रॉयल स्टेग ब्रांड की अवैध शराब बरामद की। मौके से मिट्ठू कुमार (मुजफ्फरपुर, बिहार) एवं सुधीर कुमार (दरभंगा, बिहार) को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो हरियाणा से सस्ती दरों पर शराब खरीदकर ट्रक में छिपाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचता है। यह नेटवर्क केवल तस्करी तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक स्वास्थ्य, युवाओं के भविष्य और कानून-व्यवस्था के लिए भी बड़ा खतरा है।
बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली पड़रौना में मु0अ0सं0 21/2026, धारा 60/63/72 आबकारी अधिनियम व 111(2)(b) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर कड़ी विधिक कार्रवाई प्रारम्भ कर दी गई है। पुलिस ने स्पष्ट संकेत दिया है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य नामों तक भी जल्द पहुंचा जाएगा।
यह कार्रवाई न केवल पुलिस की सक्रियता का प्रमाण है, बल्कि तस्करों के लिए सख्त चेतावनी भी। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है—जनपद में अवैध धंधों के लिए कोई जगह नहीं। जनता से अपील है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कुशीनगर पुलिस अब सिर्फ कार्रवाई नहीं, बल्कि जवाबदेही और परिणाम की नीति पर काम कर रही है।




