
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर | सनसनीखेज डबल मर्डर
जनपद कुशीनगर के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा गांव में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। एक शराबी युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी पत्नी और मां की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान सिकंदर गुप्ता के रूप में हुई है, जिस पर आरोप है कि उसने सीमेंट के भारी पत्थर से कूंचकर 28 वर्षीय पत्नी प्रियंका और 60 वर्षीय मां रूना देवी को मौत के घाट उतार दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार सुबह छत पर आग सेंक रही प्रियंका से आरोपी की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। नशे की हालत में आपा खो चुके सिकंदर ने पास पड़े सीमेंट के पत्थर से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। चीख-पुकार सुनकर बचाने पहुंची मां रूना देवी पर भी उसने उसी पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। कुछ ही क्षणों में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी एक दिन पहले ही अपनी पत्नी को ससुराल से घर लेकर आया था। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि अगले ही दिन यह घर खून से लाल हो जाएगा। दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही गांव में सनसनी मच गई। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
सूचना मिलते ही अहिरौली बाजार थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। छत पर पड़े विक्षत शवों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद और नशे से जुड़ा प्रतीत होता है। आरोपी के खिलाफ दोहरे हत्याकांड का मुकदमा दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि “कानून से बड़ा कोई नहीं है। दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। एक ही घर में मां और पत्नी की निर्मम हत्या ने समाज के सामने नशे की भयावह सच्चाई और घरेलू हिंसा की खतरनाक परिणति को उजागर कर दिया है।

