
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर | 13 जनवरी 2026
जनपद कुशीनगर के कृषकों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर सामने आया है। कृषि उत्पादन में अभूतपूर्व वृद्धि, आधुनिक तकनीकों के प्रसार एवं किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शासन की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत जनपद में चार दिवसीय विराट किसान मेला आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जानकारी देते हुए बताया कि कृषि प्रसार, कृषि निवेश एवं तकनीकी प्रबंधन योजना के तहत संचालित कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम की कार्ययोजना के अनुसार यह मेला वित्तीय वर्ष 2025-26 में आयोजित किया जा रहा है।
यह विराट किसान मेला दिनांक 19 जनवरी 2026 से 22 जनवरी 2026 तक ब्लॉक संसाधन केंद्र, पडरौना, जनपद कुशीनगर में आयोजित होगा। चार दिनों तक चलने वाला यह आयोजन जिले के किसानों के लिए ज्ञान, तकनीक और सरकारी योजनाओं का महासंगम साबित होगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे स्वयं इस विराट किसान मेले में उपस्थित होकर अपने-अपने विभागों के स्टॉल स्थापित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक विभाग किसानों को अपनी योजनाओं, अनुदान, सुविधाओं एवं नवीनतम तकनीकी जानकारियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराए, ताकि कृषक सीधे संवाद के माध्यम से अधिकतम लाभ उठा सकें।
कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, ग्रामीण विकास, सिंचाई, बैंकिंग संस्थान सहित अन्य सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। मेले में उन्नत बीज, आधुनिक कृषि यंत्र, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, ड्रिप सिंचाई, पशुपालन तकनीक, मृदा परीक्षण, कृषि बीमा एवं सरकारी योजनाओं की संपूर्ण जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएगी।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि यह मेला केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि जनपद के किसानों के भविष्य को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी भरे शब्दों में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह मेला किसानों के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाने का माध्यम बने, यही प्रशासन की प्राथमिकता है।
प्रशासन की इस पहल से जनपद के हजारों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलने की उम्मीद है। विराट किसान मेला न केवल कुशीनगर की कृषि को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा, बल्कि किसानों के आत्मविश्वास और आर्थिक सशक्तिकरण की मजबूत नींव भी रखेगा।

