
विलेज फास्ट टाइम्स कुशीनगर
जनपद कुशीनगर
दिनांक: 16.01.2026
जनपद कुशीनगर में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत कसया पुलिस ने एक सराहनीय और मानवता को झकझोर देने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया श्री कुन्दन सिंह के नेतृत्व में थाना कसया पुलिस ने मध्य रात्रि चेकिंग के दौरान पशु तस्करी के बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया।
दिनांक 15/16 जनवरी 2026 की रात चेकिंग के दौरान दो कंटेनर वाहनों में अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर बांधे गए 35 पशुओं को बरामद किया गया, जिनमें 21 भैंस एवं 14 पाड़ा/पाड़ी शामिल हैं। पशुओं को इस तरह क्रूरता से बांधा गया था कि उनकी हालत देखकर हर संवेदनशील व्यक्ति का दिल कांप जाए। मौके से 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना कसया पर मु0अ0सं0 30/2026 धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर कठोर विधिक कार्यवाही की जा रही है। यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि कुशीनगर पुलिस अपराधियों के लिए नहीं, बल्कि कानून और मानवता के लिए काम कर रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में पुष्पेन्द्र कुमार, अशोक यादव, ममतेश कुमार तथा राज कुमार मिश्रा शामिल हैं, जो विभिन्न जनपदों से पशु तस्करी के इस अवैध धंधे में लिप्त पाए गए। मौके से दो कंटेनर वाहन (UP83T6222 व UP83CT9820) भी जब्त किए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में कसया थाने की पुलिस टीम—उ0नि0 गौरव श्रीवास्तव, उ0नि0 ब्रह्म कुमार उपाध्याय, उ0नि0 विवेक सिंह सहित पूरी टीम—की तत्परता, साहस और सतर्कता प्रशंसनीय है।
कुशीनगर पुलिस की यह कार्रवाई न केवल पशु तस्करों के लिए चेतावनी है, बल्कि समाज को यह भरोसा भी दिलाती है कि कानून के हाथ लंबे हैं और निर्दोषों पर अत्याचार करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

