
विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
जनपद कुशीनगर में 25 जनवरी को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे जोश के साथ मनाया जाएगा। “My India, My Vote” थीम और “Citizen at the Heart of Indian Democracy” टैगलाइन के साथ यह आयोजन लोकतंत्र को नई ऊर्जा देगा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में 25 जनवरी, 2026 को जनपद के समस्त मतदान केन्द्रों, वीआरसी, तहसीलों, जिला मुख्यालय, शैक्षणिक संस्थानों एवं चुनाव पाठशालाओं पर मतदाता शपथ समारोह आयोजित होंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट किया कि पूर्वान्ह 11 बजे बीएलओ मतदान केन्द्रों पर, संबंधित अधिकारी वीआरसी पर तथा जिला मुख्यालय पर स्वयं जिला निर्वाचन अधिकारी शपथ दिलाएंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजन, ट्रांसजेंडर एवं नवपंजीकृत मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। नए मतदाताओं को फोटो पहचान पत्र प्रदान कर लोकतंत्र से जोड़ा जाएगा। युवाओं, महिलाओं, दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों तथा विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु स्कूलों और महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम होंगे।
मतदाता जागरूकता के लिए प्रभात फेरी, स्लोगन लेखन, निबंध प्रतियोगिता, गीत-संगीत, स्किट, ऑनलाइन गतिविधियां और रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। ईवीएम-वीवीपैट, पोस्टल बैलेट, वोटर हेल्पलाइन ऐप, न्यूनतम सुविधाएं (AMP), नैतिक मतदान और पंजीकरण से जुड़ी जागरूकता फिल्में भी प्रदर्शित होंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने दो टूक कहा कि सभी कार्यक्रमों की फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी अनिवार्य होगी और आयोग द्वारा निर्धारित ई-मेल पर समय से अपलोड की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। #NVD2026 हैशटैग के साथ वेबसाइट व सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार होगा। मीडिया, एनएसएस, एनसीसी, नेहरू युवा केन्द्र, स्काउट-गाइड एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन का संदेश स्पष्ट है—आयोजन केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनभागीदारी का पर्व है। प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाए, ताकि हर मतदाता जागरूक बने और लोकतंत्र मजबूत हो। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्भीक, निष्पक्ष और जागरूक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

