
विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 21.01.2026
जनपद कुशीनगर में पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन अभियान” के अंतर्गत आज थाना रामकोला परिसर में एक बड़ी और प्रभावशाली कार्रवाई देखने को मिली। वर्षों से थानों में खड़े लावारिस व सीज वाहनों के नियमानुसार निस्तारण की दिशा में उठाए गए इस कदम के तहत कुल 61 छोटे-बड़े वाहनों की सार्वजनिक निलामी की गई, जिससे शासन को कुल ₹5,28,000/- (पाँच लाख अठ्ठाईस हजार रुपये) की आय प्राप्त हुई।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निरुद्ध लावारिस वाहनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया था। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी खड्डा श्री विरेन्द्र कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी व विधिसम्मत ढंग से संपन्न कराई गई।
उपजिला मजिस्ट्रेट कप्तानगंज द्वारा निलामी तिथि निर्धारित किए जाने के पश्चात नायब तहसीलदार श्रीमती एकता त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना रामकोला में निरुद्ध 52 दोपहिया वाहन, 05 ऑटो टैम्पू, 01 पिकअप, 02 ट्रैक्टर तथा 01 बोलेरो—कुल 61 वाहन—की निलामी आज सफलतापूर्वक पूर्ण कराई गई।
निलामी के दौरान प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की सशक्त उपस्थिति रही, जिनमें क्षेत्राधिकारी खड्डा श्री विरेन्द्र कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना रामकोला श्री धनवीर सिंह, नायब तहसीलदार श्रीमती एकता त्रिपाठी सहित पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता, अनुशासन और विधिक मानकों का पूर्ण पालन किया गया।
यह कार्रवाई न केवल थानों में वर्षों से जमा कबाड़ बने वाहनों के बोझ को कम करेगी, बल्कि सरकारी राजस्व में वृद्धि के साथ-साथ आमजन में प्रशासन की सक्रियता और जवाबदेही का संदेश भी देगी। “ऑपरेशन क्लीन” अब जनपद में सुशासन और प्रभावी प्रशासन का प्रतीक बनता जा रहा है, जिससे अव्यवस्था पर प्रहार और व्यवस्था की स्थापना का स्पष्ट संकेत मिल रहा है।





