
22 जनवरी, विलेज फास्ट टाइम्स, कुशीनगर
जनपद कुशीनगर के मेधावी एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र 2026-27 हेतु कक्षा 6 से 11 तक प्रवेश की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से प्रारम्भ कर दी गई है। यह पहल आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
निदेशक, समाज कल्याण, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद में संचालित दो जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों—बालिका विद्यालय, सिरसिया हेतिमपुर तथा लक्ष्मीपुर, पड़रौना—में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाशंकर यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 6, 7, 8 एवं 9 में रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा, जबकि कक्षा 11 में रिक्त सीटों पर प्रवेश कक्षा 10 में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार कर किया जाएगा।
शासन द्वारा निर्धारित आरक्षण व्यवस्था के अंतर्गत रिक्त सीटों पर 60 प्रतिशत सीटें अनुसूचित जाति/जनजाति, 25 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग तथा 15 प्रतिशत अनारक्षित वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए आरक्षित की गई हैं, जिससे सामाजिक न्याय एवं समान अवसर की भावना को मजबूती मिलती है।
प्रवेश हेतु इच्छुक अभिभावक अपने बच्चों के लिए आवेदन पत्र संबंधित विद्यालय से प्रत्येक कार्यदिवस में प्राप्त कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी https://ats.upsdc.gov.in वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। प्रवेश पत्र 25 फरवरी 2026 को संबंधित विद्यालय से उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्रवेश परीक्षा से संबंधित समय-सारिणी के अनुसार आवेदन की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2026, पात्र अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन 25 फरवरी 2026, प्रवेश परीक्षा की तिथि 15 मार्च 2026 तथा चयनित छात्रों की सूची का प्रकाशन एवं प्रवेश प्रक्रिया का प्रारम्भ 23 मार्च 2026 से किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर आवेदन कर इस महत्वपूर्ण शैक्षिक अवसर का अधिकतम लाभ उठाएं, ताकि उनके बच्चे अनुशासित वातावरण में निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्राप्त कर उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकें।

