

विलेज फास्ट टाइम्स | जनपद कुशीनगर
दिनांक: 13.02.2026 | थाना कोतवाली पडरौना
कुशीनगर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अन्तर्राज्यीय तस्करी गैंग का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने एक बोलेरो वाहन और गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में चतुराई से छिपाकर बिहार ले जायी जा रही कुल 142 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। वाहन सहित जब्त माल की अनुमानित कीमत लगभग 28 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
यह ऑपरेशन पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। थाना कोतवाली पडरौना पुलिस की तत्परता और सटीक सूचना पर की गई घेराबंदी से तस्करों की योजना ध्वस्त हो गई।
पुलिस के अनुसार, बोलेरो (BR01PF2681) तथा ट्रैक्टर स्वराज मय ट्रॉली (UP52M2939) में गन्ने के नीचे शराब की पेटियां छिपाई गई थीं। बरामद शराब में 58 पेटी “RAYAL STAGE SUPERIOR WHISKY” (कुल 696 बोतल, 750 एमएल) और 84 पेटी “OFFICERS CHOICE” (कुल 4032 फ्रूटी, 180 एमएल) शामिल हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि बिहार में लागू शराबबंदी का फायदा उठाकर ऊंचे दामों पर बिक्री कर अधिक लाभ कमाने की मंशा थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बहादुर यादव (प. चम्पारण, बिहार), मनोज राय (सेवरही, कुशीनगर), किशन कुमार यादव और दीपू यादव (प. चम्पारण, बिहार) के रूप में हुई है। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली पडरौना में मु0अ0सं0 84/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
इस सराहनीय कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उ0नि0 वीरेन्द्र बहादुर सिंह, उ0नि0 अखिलेश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कुशीनगर पुलिस की इस उपलब्धि ने तस्करी नेटवर्क पर करारा प्रहार करते हुए कानून-व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया है।
